उरई में कोचिंग सेंटर से पढ़कर अपने घर लौट रही एक छात्रा को दो युवक बंधक बनाकर एक घर में ले गए। वहां पर एक महिला के सहयोग से उसके साथ छेड़खानी की। युवती की चीख पुकार सुनकर मोहल्ले वाले आ गए। इससे शोहदे छात्रा को छोड़कर भाग गए।
उरई कोतवाली क्षेत्र में छात्रा की मां ने तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी बीती 15 अगस्त की शाम करीब छह बजे कोचिंग पढ़कर पैदल घर आ रही थी। तभी कोचिंग के पास रहने वाले अमित मिश्रा ने अपने दो अज्ञात साथियाें के साथ उसे घर में खींच लिया। जब उसने विरोध किया तो अमित के पिता रमन मिश्रा व मां रानी मिश्रा ने भी बेटे का सहयोग किया।
हालांकि चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगाें ने उसे बचा कर घर पहुंचाया। इस दौरान आरोपियाें ने धमकी दी कि किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा। छात्रा करीब एक माह तक चुप रही। जब उसके पिता जो कि कानपुर में नौकरी करते है वापस आए तो उसने मां को घटना की जानकारी दी। इस पर वह उसे लेकर कोतवाली आई और आरोपियाें के खिलाफ बंधक बनाकर छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाल जेपी यादव ने बताया कि आरोपियाें के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।