हमीरपुर जिले के कुरारा में मकान बंटवारे को लेकर पुत्र ने वृद्ध पिता पर धारदार फरसा से हमला कर दिया। जिसे लहूलुहान हालत में परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। जहां इलाज दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
विज्ञापन
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुत्र फरसा लेकर थाने पहुंच गया। जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मृतक की पत्नी ने आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
कस्बा के मुख्य बस स्टैंड के पास कृपाशंकर उर्फ मिठाईलाल सोनी (60) पुत्र रामेश्वर का अपना मकान है। जिसमें उनकी पत्नी मुनिया, पुत्र राजेंद्र व उनकी पत्नी नीलम रहते हैं। कस्बे के गुड़ मंडी के पास कृपाशंकर सिलाई की दुकान किए थे।
विज्ञापन
जिसमें दूसरे नंबर का पुत्र राजेंद्र पिता के साथ सिलाई कार्य में सहयोग करते थे। मृतक की बहू नीलम पत्नी राजेंद्र ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 11 बजे ससुर कृपाशंकर से देवर रामेंद्र उर्फ रामू का कमरे में सामान रखने को लेकर विवाद हो गया।
रामू कह रहे थे कि इस कमरे से अपना सामान हटा लें। वह इस कमरे में रहेंगे। ससुर कृपाशंकर के मना करने पर रामेंद्र उनका सामान बाहर फेंकने लगे। विवाद बढ़ने पर रामेंद्र घर में रखा फरसा उठाकर लाए और पिता के ऊपर हमला कर कई वार कर दिए।
जिससे उनके गले व चेहरे में गंभीर चोटे आने से अचेत हो गए। इसके बाद रामेंद्र फरसा लिए मकान के बगल में छिपा रहा। लोगों की भीड़ बढ़ती देख वह चुपचाप फरसा लेकर पैदल थाने पहुंच गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस के सहयोग से परिजन घायल को जिला अस्पताल ले गए।
जहां इलाज दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पत्नी मुनिया देवी ने आरोपी पुत्र रामेंद्र उर्फ रामू के खिलाफ तहरीर देकर थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष बांके बिहारी सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।
हत्यारोपी ने मकान बिकाऊ है का पोस्टर भी किया था चस्पा
मृतक कृपाशंकर सोनी सिलाई की दुकान किए था। इसके चार पुत्र बड़ा नीरज, राजेंद्र, रामेंद्र, अनिल व एक पुत्री हैं। नीरज दिल्ली में रहकर कार्य करता है। राजेंद्र पिता के साथ दुकान में सिलाई का कार्य करता है। तीसरे नंबर का पुत्र रामेंद्र उर्फ रामू बेरोजगार है। चौथा पुत्र अनिल महोबा में शिक्षक है।
परिजनों ने कहा हत्यारोपी रामू घर के बंटवारे को लेकर आए दिन विवाद करता था। कुछ दिन पूर्व उसने मकान बिकाऊ है का पोस्टर भी चस्पा कर दिया था। बताया कि रामू करीब दो माह चित्रकूट में रहा। इसके बाद उरई में किसी मंदिर में रहकर पूजा करता रहा। अभी चार दिन पूर्व ही घर आया था। बताया कि हत्यारोपी बाबा के वेश में रहकर गेरूआ वस्त्र पहनता है।
धारदार हथियार से किए छह वार
नाजुक हालत में सदर अस्पताल लाए गए कृपाशंकर उर्फ मिठाईलाल का इलाज करने वाले चिकित्सक मोहित ने बताया कि धारदार हथियार से छह वार किए गए हैं। कहा कि अकेले तीन वार गले में किए हैं। बताया कि कान, गाल के साथ दाहिने हाथ के पंजे की दो अगुंलियां भी कटी थी। घाव गहरे होने की वजह से वृद्ध की जान चली गई। उधर घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अनुराग सिंह अस्पताल पहुंचे और उन्होंने साथ आए बेटे राजेंद्र से घटना की जानकारी ली।