रोते बिलखते मृतक युवक के परिजन
- फोटो : अमर उजाला
इटावा बढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव उदी मोड़ निवासी एक युवक की एमपी के भिंड जिले में गला घोंटकर हत्या कर दी गई। हत्या की खबर पर परिवार में कोहराम मच गया। युवक सोमवार को अपनी बुआ के घर जाने की बात कहकर निकला था। वह अपनी बुआ के घर नहीं पहुंचा। सोशल मीडिया पर एक युवक का शव खेत में पड़े होने की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवक की शिनाख्त की। युवक की गला घोंटकर हत्या की गई है।
उदी मोेड निवासी लल्लू सिंह तोमर (25) पुत्र डा. राम किशोर तोमर सोमवार को अपनी बुआ के घर भिंड के गांव फूल सिंह का पुरा जाने के लिए निकला था। मंगलवार को लल्लू के परिजनों ने फूल सिंह के पुरा फोन कर लल्लू के आने के बारे में पूछा तो बताया गया कि लल्लू यहां आया ही नहीं। इस पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। 16 नवंबर को परिजनों को सोशल मीडिया पर एक युवक काशव मिलने की जानकारी हुई। इसके बाद परिजन भिंड पहुंचे और जानकारी की। पुलिस ने बताया कि जिले के भारौली रोड पर मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर सरसों के खेत में युवक का शव पड़ा मिला था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान का प्रयास किया। परिजनों ने उसकी शिनाख्त लल्लू के रूप में की। बताया कि युवक की गला घोटकर हत्या की गई है।