कानपुर के घाटमपुर में साढ़ चौकी के अंतर्गत कुंदौली चौराहा स्थित मार्केट की दूसरी मंजिल पर सो रहे दुकानदार की बदमाशों ने हत्या कर दी फिर शव को एक खेत में दफना कर भाग गए। गांव कुंदौली निवासी 55 वर्षीय राम बहादुर सिंह राणा चौराहे के समीप मार्केट में परचून व चूनी भूसी की दुकान चलाते थे।
राम बहादुर रखवाली के लिए मार्केट के दूसरे तल में टीन शेड के नीचे सोते थे।शुक्रवार रात भी वह टीन शेड के नीचे सोए थे, जहां पहुंचे बदमाश उन्हें नीचे ले गए और हत्या करने के बाद शव को समीप स्थित एक खेत में गड्ढा खोद कर दफना दिया।
शनिवार सुबह काफी देर तक घर न पहुंचने पर स्वजन मार्केट पहुंचे तो दूसरे तल पर उनकी चारपाई खाली मिली। इधर उधर खोजने के बाद स्वजनों ने जब समीप स्थित खेत में गड्ढा व ताजी खोदाई देख पुलिस को सूचना दी।