कन्नौज जिले में गुलरियनपुर्वा गांव के प्राचीन मंदिर में शिवलिंग को अधेड़ ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना पर पकड़ने पहुंची पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस उसे मुश्किल से गिरफ्तार कर पाई। उसके पास से तमंचा और पुलिस की एसएलआर राइफल का कारतूस मिला है।
पुलिस उससे बरामद कारतूस की बाबत पड़ताल कर रही है। अधेड़ का कहना है कि उसके पास मंदिर जीर्णोद्धार के लिए चंदा नहीं दिया था। गांव के लोग इसके लिए ताने देते थे। इसी गुस्से में वारदात को अंजाम दिया। यह गांव सदर कोतवाली क्षेत्र में है।
गांव में प्राचीन भगनेश्वर मंदिर का गांव के लोगों के सहयोग से जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। इसमें रामकेश यादव ने चंदा नहीं दिया था। मंगलवार को कुछ ग्रामीणों ने रामकेश यादव को इसके लिए ताना दिया। इससे नाराज रामकेश ने मंगलवार रात करीब 10 बजे मंदिर में तोड़फोड़ कर दी।