उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोला इलाके में बुधवार की सुबह मेडिकल स्टोर संचालक जय प्रकाश यादव को असलहा सटाकर बदमाश आठ लाख रुपये लूट कर फरार हो गए। मेडिकल स्टोर संचालक गोला थाना क्षेत्र के ग्राम छितौना का निवासी है।
जानकारी के मुताबिक, भर्रोह कस्बे में जय प्रकाश का एक मेडिकल स्टोर है। बुधवार सुबह करीब छह बजे जय प्रकाश अपने मेडिकल स्टोर जा रहा था। वह अभी भर्रोह कस्बे में पहुंचा ही था कि बाइक पर सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
बताया जा रहा है कि रुपया हुंडी कारोबार से जुड़ा हुआ है। जय प्रकाश सुबह यह रुपया बाड़ीतरया गांव के एक व्यक्ति को देने जा रहा था। जय प्रकाश के मुताबिक वह बैग को आगे गले में टांगकर लेकर बाइक से जा रहा था। कुछ लोग थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बाइक से मौजूद थे। भर्रोह में पहुंचते ही बाइक सवार दो व्यक्तियों ने असलहा सटाकर उसे रोका और बैग गले से निकाल लिया।
बैग लेते ही तीन बाइकों पर सवार छह बदमाश वहां से भाग निकले। जय प्रकाश ने घटना की जानकारी पुलिस को दे दी है। उसकी सूचना पर पुलिस भी एक्टिव हो गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी गोला श्याम देव बिंद, प्रभारी निरीक्षक गोला संतोष कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए। बाद में पुलिस टीम जय प्रकाश को लेकर कई किलोमीटर तक उस दिशा में गई, जिस तरफ से बदमाश फरार हुए थे।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है। अभी तक व्यापारी से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।