बांदा में एक मासूम बच्ची के साथ पड़ोसी ने कमरे में ले जाकर हैवानियत की कोशिश की। बच्ची के शोर मचाने पर घर के लोग और पड़ोसी आ गए और युवक को दबोचकर जमकर पीटा। पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर युवक का चालान कर दिया। पीड़ित को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है। सात वर्षीय बच्ची के पिता ने बताया कि उसकी बेटी सुबह दरवाजे पर खेल रही थी। तभी घर के सामने रहने वाला राम प्रसाद पुत्र सुंदर उसे बहला-फुसलाकर अपने सूने घर में ले गया। वहां बच्ची के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। बच्ची ने शोर मचाया तो उसकी बड़ी बहन ने सुन लिया और भागकर पड़ोसी के घर पहुंच गई। वहां अपनी बहन को बचाकर बाहर ले आई। बालिका के परिजनों व पड़ोसियों ने राम प्रसाद को पकड़ लिया और जमकर पीटा। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस ने धारा 354, एससीएसटी एक्ट और पास्को के तहत केस दर्ज कर लिया है। बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।