नमक खत्म होने और ब्लैक में बिकने की अफवाह पर शुक्रवार रात कानपुर में मची अफरा-तफरी और भगदड़ में एक महिला की मौत हो गई और लाठीचार्ज-मारपीट में सात लोग घायल हो गए। जगह-जगह नमक खरीदने लोग बेकाबू हो गए। कलक्टरगंज में नमक की बोरियां लूटने का प्रयास किया गया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बाकरगंज बाजार में कानपुर टेंट हाउस वाली गली में रात करीब 11 बजे भारी भीड़ दुकानों पर उमड़ी तो भगदड़ मच गई। भगदड़ में इसमें रामनरेश की पत्नी ममता सविता (52) नाले में गिर गई। उसे निकाल कर हैलट लाया गया लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
नमक के लिए मचे भगदड़ में महिला की हुई माैत के बाद राेते-बिलखते परिजन
वहीं कलक्टरगंज थाने के बगल में मोती बिल्डिंग में भीड़ पहुंची और किराना दुकानदारों से भारी मात्रा में नमक मांगने लगी। दुकानदार ने तीन-चार पैकेट दिए फिर नमक खत्म होने की बात कही तो कहासुनी होने लगी। भीड़ दुकान में घुसकर नमक की बोरियां लूटने लगी तो दुकानदारों ने दौड़ा कर पकड़ा और मारपीट शुरू हो गई। थाना बगल में होने के चलते कलक्टरगंज इंस्पेक्टर सुनील सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और लाठीचार्ज कर भीड़ को काबू में किया। सीओ कलक्टरगंज विवेक त्रिपाठी, सीओ कर्नलगंज विशाल पांडे, सीओ अनवरगंज राजेश पांडे भारी फोर्स के साथ पहुंच गए। देर रात तक घंटाघर, नई सड़क, कलक्टरगंज, शिवाला, बेकनगंज, चमनगंज, डिप्टी पड़ाव, दबौली, बर्रा, मछरिया में नमक को लेकर हंगामा होता रहा। कल्याणपुर पुलिस ने महंगा नमक बेचने पर दो दुकानदारों को हिरासत में लिया। काकादेव छपेड़ा पुलिया में मेडिकल कालेज के स्टूडेंटों ने महंगा नमक बेचने पर हंगामा करके सभी दुकानें बंद करा दीं। डीएम कौशलराज शर्मा का कहना है कि शहर में नमक की कोई कमी नहीं है। यदि कोई दुकानदार नमक को प्रिंट रेट से ऊपर बेचेगा तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।