अवैध संबंध में बाधक बनने पर युवक की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
हरदोई जिले में अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जुगराजपुर में एक विवाहित युवती से अवैध संबंध में बाधक बनने पर राजमिस्त्री की गला दबाकर उसके पारिवारिक भाई ने साथी के साथ मिलकर हत्या कर दी और फिर शव को फंदे पर लटका दिया।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ग्राम जुगराजपुर निवासी प्रमोद (35) राजमिस्त्री था। उसके पुराने मकान के सामने ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मिला आवास भी है। गुरुवार सुबह प्रमोद का शव पुराने मकान के बाहर पड़े छप्पर में बांस से गमछे से बनाए गए फंदे पर लटकता मिला।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। प्रमोद की पत्नी रिंकी ने पुलिस को बताया कि प्रमोद के परिवार की एक विवाहित युवती से पारिवारिक भाई विष्णु के अवैध संबंध हैं। बुधवार को प्रमोद ने युवती और विष्णु को एक साथ देख लिया था।
इसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया था। विष्णु ने जान से मारने की धमकी दी थी। आरोप है कि अवैध संबंध में बाधक बनने पर विष्णु ने ही अपने साथी के साथ मिलकर प्रमोद की गला दबा कर हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया।