फर्रुखाबाद के कायमगंज में शनिवार दोपहर तम्बाकू व्यापारी के घर डकैती की घटना सामने आई है। मोहल्ला चिलौली पठान निवासी जयनेंद्र अग्रवाल का तम्बाकू का कारोबार है। उनका बेटा विदेश में नौकरी करता है।
घर में जयनेंद्र व उनकी पत्नी पुष्पा देवी थी। शनिवार दोपहर डेढ़ बजे एक बाइक पर तीन युवक पहुंचे। शादी का कार्ड देने के बहाने घर का दरवाजा खुलवाया। हेलमेट लगाए तीनों युवक घर के अंदर घुस गए। रिवॉल्वर दिखाकर युवकों ने जयनेंद्र से अलमारी की चाबी ले ली।
इसके बाद मारपीट कर जयनेंद्र व उनकी पत्नी को कमरे में बंद कर दिया। एक बदमाश उन्हें घेरे खड़ा रहा। दो बदमाशों ने अलमारी से 50 हजार व जेवरात निकाल लिए। इसके बाद तीनों बदमाश भाग गए।
जयनेंद्र व उनकी पत्नी ने शोर मचाया तो पड़ोस में रहने वाले रिश्तेदार आ गए। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर बाहर निकाला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस गली में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।