घटना की जानकारी देता रिक्शावाला।
- फोटो : अमर उजाला
प्याज लूट के आरोप के बाद अब शहर के एक कारोबारी ने लहसुन गायब होने का आरोप लगाया है। कारोबारी का कहना है कि बदमाशों ने शुक्रवार को ठेले से एक बोरी लहसुन गायब कर दिया। कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी है।
महेवा मंडी में कलकत्ता ट्रेडिंग कंपनी के नाम से शाजिद की फर्म है वह लहसुन का कारोबार करते हैं। शुक्रवार की दोपहर में उनके फर्म से 11 बोरी लहसुन किराना मंडी स्थित कन्हैया के यहां जाना था। ठेला चालक राम मिलन लहसुन लेकर जा रहा था। दुकान पर पहुंचने पर पता चला कि एक बोरी लहसुन गायब है।
कन्हैया के जरिये ठेला चालक ने फर्म के मालिक का सूचना दी। उसने बताया कि नार्मल टैक्सी स्टैंड से लेकर घंटाघर के बीच लहसुन को बदमाशों ने उतारा है।
भीड़ के चलते वह वहां समझ नहीं पाया। फर्म संचालक शाजिद ने बताया कि एक बोरी लहसुन की कीमत सात हजार रुपये है। उन्होंने घंटाघर चौकी पर सूचना दे दी है। शाजिद ने बताया कि तीन महीने पहले भी इसी तरह से एक बार और लहसुन गायब हुआ था। तब उन्होंने घटना को नजरअंदाज कर दिया था। इस संबंध में राजघाट इंस्पेक्टर राजेश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ठेले वाले से पूछताछ कर रही है।
टीडीएम तिराहे पर प्याज लूटे जाने का लगाया था आरोप, आज तक नहीं खुला मामला
लहसुन गायब होने से पहले टीडीएम तिराहे पर एक बोरी प्याज के लूटे जाने का आरोप महेवा मंडी के एक कारोबारी ने कुछ दिन पहले लगाया था। उस समय रिक्शा पर प्याज लादकर गोलघर के एक व्यापारी के वहां पहुंचाया जा रहा था। आरोप था कि टीडीएम के पास बाइक सवारों ने एक बोरी प्याज लूट लिया था। हालांकि उस मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है और अभी मामले का पर्दाफाश भी नहीं हुआ। सीसीटीवी फुटेज जारी कर पुलिस ने प्याज लूट की घटना झूठी होने की बात कही थी। पुलिस अब इस मामले में भी जांच कर रही है।