महाराजपुर इलाके में दो दिन से लापता कक्षा एक की छात्रा की रेप के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव गुरुवार सुबह सरसो के एक खेत में मिला। परिजनों ने पड़ोसी गांव के एक युवक पर शक जताया है।
पुलिस आरोपी के भाई को हिरासत में लेकर छानबीन में जुट गई है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम होगा। इस बारे में एसएसपी शलभ माथुर ने बताया कि बच्ची के परिवार की तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
अगर किसी को आरोपी बनाया गया तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। सरसौल संवाददाता के मुताबिक महाराजपुर इलाके में एक गांव के किसान की पांच साल की बेटी गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ती थी।
सोमवार को वह दूसरी क्लास में पढ़ने वाली अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल गई थी। दोपहर दो बजे उसने प्रधानाध्यापिका से पेट में दर्द होने की शिकायत की। इसके बाद वह घर आई लेकिन घर पर किसी को न देखकर बस्ता रखने के बाद माता-पिता की तलाश में खेत की ओर चली गई।
इसके बाद वह नहीं लौटी। शाम को जब बाजार से पिता और पड़ोस से मां लौटी तो घर में बेटी को न देखकर तलाश शुरू की। रात तक उसका पता नहीं चला तो मंगलवार को पुलिस को जानकारी दी।
चौकी प्रभारी केके सिंह ने परिजनों के साथ बच्ची को हर जगह तलाशा लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। गुरुवार सुबह गांव के दो लोग बच्ची को खोजते हुए गांव की बाहर जा रहे थे तभी सरसो के खेत में उसका शव देखा।
उन्होंने फौरन परिवार और पुलिस को जानकारी दी। बेटी को खून से लथपथ देख मां की हालत खराब हो गई। उन्हें रिश्तेदारों ने संभाला। पिता भी बेसुध होकर किनारे बैठ गया।
इसी बीच सीओ सदर राम शंकर तिवारी, एसओ महाराजपुर, डॉग स्क्वाएड व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक बच्ची की हत्या रेप के बाद गला दबाकर की गई है।
पिता ने पड़ोसी गांव घिरवा खेड़ा फतेहपुर में रहने वाले सर्वेश यादव पर दुराचार और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सर्वेश के भाई राजेश को हिरासत में ले लिया है। सर्वेश का पता लगाया जा रहा है।