बुधवार की सुबह इंसान की शक्ल लिये शैतान ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। गहरी नींद में सो रहे ट्रक चालक के छोटे-छोटे बच्चों पर खौलता तेल डालकर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया। बच्चों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है एक बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि अभी तक नामजद तहरीर नहीं मिली है, रिपोर्ट के बाद ही कार्रवाई के लिए कदम बढ़ाया जाएगा।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के शिवली रोड कश्यप नगर निवासी विजय पाल ट्रैक्टर चलाकर अपनी पत्नी ननकी और आठ बच्चों का भरण पोषण करते हैं। बुधवार तड़के उनके किसी दुश्मन ने घर की छत से छलांग लगाने के बाद बच्चों के कमरे में घुसकर मानवता को शर्मसार कर दिया।
विजय के मुताबिक उनके घर में घुसे बदमाशों ने पहले किचन में जाकर कढ़ाई में तेज गर्म किया उसके बाद दूसरे कमरे में सो रहे उनके बच्चों को खौलते तेल से नहला दिया। खौलता तेल शरीर पर पड़ने से विजय का बेटा नीरज (16), मंजू (13), अंजू (11), सूरज (10), ज्योति (3) गंभीर रूप से झुलस गए। जबकि विशाल (7) ने किसी तरह बेड के नीचे घुसकर अपनी जान बचा ली।
नीरज के पूरे शरीर में फफोले पड़ गए हैं डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है। विजय का सबसे बड़ा बेटा धीरज (19) अपने पिता के साथ छत पर सो रहा था। इस मामले पर कल्याणपुर पुलिस का कहना है कि अभी तक विजयपाल ने किसी के खिलाफ नामजद तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
बच्चों को चोट पहुंचाना था मकसद
हमलावर की पीड़ित परिवार खासतौर से बच्चों से कोई गहरी रंजिश थी। हमलावर बच्चों को ही निशाना बनाना चाहता था क्योंकि विजय और उसका बड़ा पुत्र छत पर ही सोए थे लेकिन उनको छुआ भी नहीं गया। माना जा रहा है कि किसी से गहरी रंजिश की जड़ में बच्चे हैं जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया।
हमलावर कोई करीबी
हमलावर कोई करीबी रहा होगा जिसको मालूम था कि कौन कहां पर सोया है। मेनगेट की चाभी, किचेन, तेल सबकी जानकारी हमलावर को थी। इत्मीनान से हमलावर ने किचेन में ही तेल गरम किया। ये सब ऐसे बिंदु हैं जो किसी करीबी की ओर इशारा करते हैं।
पीड़ित की चुप्पी पर सवाल
पिता विजयपाल ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। मोहल्ले के एक युवक की ओर इशारा तो कर रहा है लेकिन शिकायत नहीं की है। इससे पुलिस को दाल में कुछ काला नजर आ रहा है।