सदर थाना क्षेत्र के गांव अहरवां में संदिग्ध हालत में जलने से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि रंजिश के चलते गांव के ही लोगों ने जलाकर हत्या की है। शिकायत पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
एएसआई खेमचंद ने बताया कि गांव अहरवां निवासी बीरचंद ने शिकायत दी है कि एक वर्ष पूर्व उसका पड़ोसी हरीसिंह के पुत्रों के साथ झगड़ा हो गया था। सोमवार की शाम जब वह घर से बाहर गया हुआ था और उसके पुत्र मजदूरी पर गए हुए थे। उसकी 50 वर्षीय पत्नी रामवती घर में अकेली थी।
बीरचंद के अनुसार देर शाम को घर के पास बने बिटोडे में आग लगी हुई थी और पास में ही मिट्टी के तेल की खाली कट्टी पड़ी हुई थी। गांव के लोग बिटोडे में लगी आग को बुझा रहे थे उसी दौरान रामवती का शव जली हुई अवस्था में बिटोडे से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पीड़ित मौके पर पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसपी राहुल शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए और मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। बीरचंद का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी जगराम, किसन, वीरपाल व जगवीर ने उसकी पत्नी रामवती को बिटोडे में डालकर आग लगाकर हत्या की है। पुलिस ने चारो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।