फेसबुक पर लगी लड़कियों की डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) से चेहरा काटकर पोर्न स्टार की अश्लील तस्वीरों में एडिट करने वाला शातिर बदमाश आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। लड़के का नाम राजा मूल निवासी मुंबई बताया जा रहा है लेकिन अभी तक उसके असली नाम का पता नहीं चल पाया है। बदमाश लड़का अपनी फर्जी फेसबुक आईडी से भोली भाली लड़कियों के एफबी वॉल पर उनकी अश्लील फोटो टैग कर देता था इसके बाद उन्हें और उनके घरवालों को खूब परेशान करता था। इस साइबर क्रिमिनल को पकड़ने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। आखिर सफलता हाथ लग ही गई।
यूपी के फतेहपुर जिले में रहने एक लड़की के पिता के आरोप पर पुलिस ने जैद खान निवासी सादीपुर और फरहीन उर्फ राजा के खिलाफ आईटीएक्ट में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की थी। राजा को मुंबई का रहने वाला बताया जा रहा है। लिखापढ़ी में उसका पता अज्ञात दर्ज है। पुलिस को एक संदिग्ध मोबाइल नंबर भी शिकायती पत्र में मिला था।
पीड़ित लड़की का आरोप है कि फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर आरोपी दोनों लड़कों ने उसे जोड़ा था। उसकी फोटो से चेहरा काटकर दूसरी अश्लील तस्वीरों के साथ जोड़ने के बाद फेसबुक पर अपलोड कर दिया। विरोध करने पर जान से मारने और बदनाम कर देने की धमकी दी थी। इसके बाद ब्लैकमेल करने लगा। मामले की जांच करने के लिए ट्रेनी सीओ संदीप वर्मा ने शुक्रवार को इस नंबर पर कॉल की। आरोपी ने सीओ समेत पूरे महकमे को धमकी दी कि उसे डीजीपी तक गिरफ्तार नहीं कर सकते हैं।
पुलिस ने उसके ही फेसबुक पर दूसरी लड़कियां दोस्त के सहारे उस तक पहुंची। एक लड़की से पुलिस ने आरोपी को मिलने के लिए कॉल कराई। इसी चक्कर में आरोपी फंस गया। सीओ फोर्स के साथ पकड़ने पहुंचे। वहां पुलिस की गाड़ी देखकर कार में सवार आरोपी साथी संग भाग निकला। काफी पीछा करने के बाद आरोपी पकड़ा जा सका। आरोपी मुंबई का बताया जा रहा है। अभी उसके असली नाम की तस्दीक नहीं हो पाई है।