पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
मां के उकसाने पर बेटे ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला महोबा जिले के थाना खन्ना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
महोबा के खन्ना थानाक्षेत्र निवासी पूजा (22) की शादी 21 फरवरी 2015 को अटघर के भूपति कुशवाहा के साथ हुई थी। शादी के तीन महीने बाद से ही ससुरालवाले पूजा को दहेज के लिये परेशान करने लगे। पूजा के पिता ने बताया कि दामाद भूपति उसकी मां शिवकल और बाप पंचमलाल बेटी पर अतिरिक्त दहेज देने का दबाव बना रहे थे। चार लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल वालों ने एक महीने पहले बेटी को घर से निकाल भी दिया था। बातचीत करके किसी तरह मामला शांत कराया गया। पिछले तीन चार दिनों से सास-ससुर बेटी को फिर से परेशान करने लगे। बेटी ने खुद की हत्या की आशंका भी जताई, उसने फोन पर कहा था कि सास पति को मेरे खिलाफ भड़का रही है। बुधवार को शिवकल के उकसाने पर ही भूपति ने पूजा की गोली मारकर हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। भूपति, शिवकल और पंचमलाल पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।