फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

स्वरूपनगर में वृद्धा और नौकरानी की हत्या

Thu, 03 Sep 2015 02:09 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
पॉश एरिया खैराबाद स्वरूपनगर में बुधवार को रिटायर्ड शिक्षिका पोलिना नथेनियल(68) और उनकी नौकरानी शारदा (45) की लूट के बाद हत्या कर दी गई। दोनों के शव बाथरूम में मिले और दोनों के गले में रस्सी बंधी थी।
विज्ञापन


पोलिना का शव गिरा पड़ा था जबकि नौकरानी का शव लटका था। माना जा रहा है कि हत्या के बाद दोनों को लटकाया गया और इसी दौरान रस्सी टूट जाने से पोलिना का शव गिर गया। हत्यारों ने इसे खुदकुशी का रूप देने की कोशिश की थी। एक पॉलीथिन में जेवरों के कई खाली डिब्बे मिले, इससे पता चलता है कि लूट भी हुई।

दोपहर में पोलिना की बेटी के स्कूल से लौटने पर इसकी जानकारी हुई। डीआईजी एन चौधरी, एसएसपी शलभ माथुर, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाएड ने छानबीन की। पुलिस के अनुसार वारदात में करीबी शामिल है। खैराबाद में श्री अपार्टमेंट वाली गली में दोमंजिला भवन के भूतल पर पोलिना किराएदार थीं।
विज्ञापन


भवन मालिक विष्णुपुरी निवासी चार्टर्ड एकाउंटेंट एसएएच राना हैं। इनका दूसरी मंजिल पर दफ्तर है, पर वे यहां कम ही आते हैं। पोलिना की अविवाहित बेटी सरिता मंजरी (40) एक प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती हैं। वे सुबह साढ़े आठ बजे स्कूल गई थीं। रोज उनके जाने के एक घंटे बाद नौकरानी शारदा घर आती थीं।

शारदा ईदगाह कालोनी के 14 ब्लाक में रहती थी और यहां 20 साल से काम कर रही थी। सरिता ने बताया कि दोपहर पौने एक बजे वह घर लौटी तो कमरे में मम्मी नहीं दिखीं।

वह उन्हें आवाज देते-देते बाथरूम तक पहुंची तो मम्मी की बॉडी टॉयलेट शीट पर पड़ी थी, जबकि नौकरानी का शव एंगल से रस्सी के सहारे लटक रहा था। वह चीखते हुए बाहर भागी और पड़ोसियों को जानकारी दी। फिर पुलिस को सूचना दी गई।  

जानने वाले पर ही हत्या का शक
कानपुर। खैराबाद में किराएदार रिटायर्ड शिक्षिका और उसकी नौकरानी की हत्या में किसी जानने पर पर शक गहरा गया है। हालांकि उनकी बेटी सरिता ने शक के आधार पर मकान मालिक एसएएच राना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इंस्पेक्टर कमल यादव ने बताया कि सरिता ने तहरीर में लिखा है कि वे लोग करीब 50 साल से इस मकान में रह रहे हैं। मकान मालिक खाली करने के लिए दबाव बना रहे थे। इसके लिए उन्होंने धमकी भी दी थी। पुलिस ने एफआईआर के बाद मकान मालिक से कई घंटे पूछताछ की। दो और लोग उठाए गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

उधर, पुलिस को घर के अंदर महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। घर में एक जगह रखे गिलास में पान की पीक के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि घटना के दौरान किसी ने पानी पिया और पान की पीक लग गई, क्योंकि पान या गुटखा न तो पोलिना खाती थी और न ही उनकी बेटी व नौकरानी।

इसके अलावा मकान की ऊपरी मंजिल के बंद कमरे से किसी शख्स के चादर से नीचे उतरने और ऊपर जाने के संकेत मिले हैं। जिस कमरे से नीचे उतरने का शक है उसकी चाबी एक अन्य नौकरानी के पास रहती है। ये नौकरानी ऊपरी मंजिल में रहते एक किराएदार, मकान मालिक के बंद हिस्से की साफ सफाई करती है।

उसका कहना था कि ताला बंद है, चाभी उसके पास है। फिर भीतर से कोई शख्स नीचे कैसे उतर सकता है। पुलिस टीम अब नौकरानी के सहारे उस कड़ी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जो ऊपर से घुसा या उसे घुसने में मदद की गई।

बढ़ता जा रहा था मकान का विवाद
पोलिना नथेनियल जिस मकान में रहती थीं, उसे खाली कराने को लेकर मकान मालिक से कई बार विवाद हो चुका है। बेटी सरिता मंजर ने बताया कि उनका मामला कोर्ट में चल रहा है।

कई सालों से कोर्ट में ही किराया जमा कर रहे हैं। पहले पिता किराएदारी में दर्ज थे। उनके बाद मां हुईं और अब बुजुर्ग होने की वजह से वे मुझे किराएदारी में नाम दर्ज करवा रही थीं। छह सितंबर को कोर्ट में यह मामला ट्रांसफर होना था। उन्हें शक है कि मकान मालिक खुद या किसी दूसरे से घटना करा सकते हैं।

सीसीटीवी फुटेज में कई लोग, तस्वीर धुंधली
पड़ोसी प्रदीप कुमार गुप्ता और शोभिता अग्रवाल के घर में लगी सीसीटीवी फुटेज को पुलिस और क्राइम ब्रांच दोनों ने खंगाला। इसमें कई लोग आते-जाते दिखे हैं। बाइक से भी कुछ लोग आए हैं। मकान मालिक एक बार लगभग साढ़े नौ बजे आते दिखे हैं और दोपहर 12 बजे जाते देखा गया है।

पुलिस ने बताया कि मकान मालिक ने माना भी है कि वह आए थे और कुछ क्लाइंट भी उनसे मिलने पहुंचे थे। तस्वीर धुंधली है। एक शख्स पेड़ की ओट में दिखा है। पुलिस उसे पहचानने की कोशिश कर रही है।

पहले मालकिन फिर नौकरानी को मारा!
खैराबाद में मालकिन और नौकरानी की मौत किसी रहस्य से कम नहीं। मौत कैसे हुई? यह गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हो सकेगा। मकसद को लेकर अलग-अलग कयास हैं। एक कयास पर सभी एकमत हैं कि पहले मालकिन को मारकर हत्यारे जा रहे होंगे, इसी बीच नौकरानी को देखकर उसे मार दिया गया। एसएसपी ने एसपी पश्चिमी को वारदात के जल्द खुलासे का टास्क दिया है।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें