पति मनु अभिषेक के साथ प्रतिभा गौतम की तस्वीर
महिला जज प्रतिभा सिंह गौतम के फ्लैट में गुरुवार को दूसरा कत्ल होगा। ठीक उसी तरह, जैसे प्रतिभा का कत्ल हुआ। चौंकिए नहीं, दरअसल गुरुवार को फोरेंसिक साइंस लैब लखनऊ के एक्सपर्ट की देख-रेख में क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन होगा। इस प्रक्रिया में महिला जज की कद-काठी और वजन का एक पुतला तैयार किया जाएगा। उस पुतले का गला कसा जाएगा, कलाई काटी जाएंगी फिर दुपट्टे से उसे पंखे से लटकाया जाएगा। तय समय तक लटकाने पर पंखे की दशा का आकलन किया जाएगा। पंखे के परों और उसकी गति पर क्या असर पड़ा, इसकी जांच होगी। क्राइम सीन रिकंस्ट्रक्शन करके साइंटिफिक और इलेक्ट्रानिक (मोबाइल रिकार्ड) सबूत जुटाए जाएंगे।
दुपट्टे की लोड बियरिंग कैपेसिटी (भार सहने की क्षमता) की जांच होगी कि उस पर इस वजन का कोई व्यक्ति लटक सकता है या नहीं। कलाई कटने के निशान में देखा जाएगा कि अपने द्वारा काटने पर कैसे निशान होंगे और कोई दूसरा काटेगा तो कैसे होंगे। जख्मों की गहराई, लंबाई और दिशा से पता चल सकेगा कि किस वस्तु से कलाई काटी गई है। व्यक्ति खुद कलाई काटेगा तो बाहर से अंदर की ओर जख्म बनेगा कोई दूसरा काटेगा तो इसका उल्टा होगा। ब्लेड और चाकू के घाव का अंतर भी इससे साफ हो जाएगा। आरोपी पति ने दरवाजे तोड़कर अंदर दाखिल होने की बात कही है। दरवाजे की कुंडी टूटने की जगह और कोण का पता लगाया जाएगा।