जिला कारागार में पुलिस कर्मियों से जानकारी लेते एसपी एके सिंह
- फोटो : अमर उजाला
हमीरपुर जजी परिसर से मंगलवार की शाम जिला कारागार लाए गए बंदियों ने ट्रक से उतरने के बाद गेट के अंदर जाने से पहले पुलिसकर्मियों पर मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इसमें एक बंदी ने सिपाही की राइफल भी छीन ली। इसके बाद छह बंदी भाग निकले। शाम करीब पांच बजे हुई इस घटना में पुलिस के हाथ पैर फूल गए। घटना के बाद बंदियों को तलाशने में भारी पुलिस फोर्स जुट गया। बेतवा नदी में बंदियों की तलाश की गई।
मंगलवार को जिला कारागार से 74 बंदियों को जिला जजी परिसर पेशी पर भेजा गया। इनको अदालत में पेश करने के लिए 19 जवानों को पुलिस लाइन से लगाया गया। शाम को पेशी के बाद एक ट्रक पर 50 बंदी लाए गए। उन्हें कारागार में बंद करने के बाद ट्रक पर 24 बंदियों को फिर लाया गया। शाम करीब पांच बजे इन्हें लेकर चार दारोगा शमसुल हक, वीरेंद्र सिंह, शिवदास व विमलेश कुमार पांडेय, सिपाही भानू प्रताप पाल व होरीलाल और ट्रक चालक मोहम्मद शफीक साथ लेकर आए। दो दारोगा शिवदास और वीरेंद्र कारागार के मुख्य गेट पर बंदियों की गिनती कराने लगे। तभी ट्रक से उतरते समय पहले से प्लानिंग के तहत एक बंदी ने दारोगा विमलेश पांडेय और सिपाही भानू प्रताप पर मिर्ची पाउडर झोंक दिया। इसी के बाद एक बंदी ने भानू प्रताप की सरकारी राइफल छीन ली। इसके बाद बंदी मनमोहन पुत्र चूरामणि मिश्र निवासी राठ, राहुल पुत्र कमल, हरीओम पुत्र मुंशी सिंह निवासी कुरारा, बबलू उर्फ अवधेश पुत्र नारायण, राघवेंद्र निवासी जलालपुर व गोयम यादव पुत्र भोला राठ भाग निकले। इस घटना से महकमे के जिम्मेदारों के हाथपांव फूल गए। कई थानों का फोर्स लगा दिया गया। बेतवा नदी किनारे भागे बंदियों का पुलिस ने पीछा किया। देर शाम नदी की जलधारा के बीच बालू में बंदियों के दौड़ने पर पुलिस ने गोयम यादव, हरीओम सिंह, राहुल व मनमोहन को दबोच लिया गया। पुलिस अधीक्षक एके सिंह व अपर एसपी वीके मिश्रा ने बंदियों की गिरफ्तारी को लेकर कांबिंग तेज कर दी है। पुलिस बेतवा नदी के तलहटी में घाटियों में लगी है। सिपाही से लूटी गई राइफल सहित दो बंदी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी ज्ञानेश्वर तिवारी बांदा से आ रहे हैं। इस मामले में एएसपी वीके मिश्रा ने बताया कि जब तक आरोपी दो बंदी नहीं पकड़े जाते कांबिंग जारी रहेगी।