कानपुर में सरसौल के महाराजपुर थाना क्षेत्र के महोली कोल्ड स्टोरेज मोड़ के पास शनिवार सुबह नौ बजे नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा टल गया। चलते ट्रक का पहिया अचानक निकलकर करीब 400 मीटर तक हाईवे पर दौड़ता हुआ दूसरी लेन में आ रही बस से जा टकराया। टक्कर में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
गनीमत रही कि बस में सवार 40 यात्रियों में से किसी को चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, राजस्थान से पटना की ओर रिफाइंड तेल लेकर जा रहे ट्रक के नट-बोल्ट ढीले होने से पहिया निकल गया। ट्रक चालक आरिफ खान ने बताया कि चलते-चलते अचानक पहिया निकल गया। पहिया लुढ़कता हुआ दूसरी लेन में पहुंचा और प्रयागराज डिपो की बस से टकरा गया।