फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापरवाही: ‘शिलान्यास का बैनर, लोकार्पण का पत्थर’, इलाकाई लोगों ने किए सवाल, बवाल बढ़ा तो लीपापोती, पढ़ें मामला

Sat, 31 Oct 2026 09:35 AM IST
Himanshu Awasthi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: मिर्जापुर से गड़रियनपुरवा होते हुए रतनपुर कॉलोनी को जोड़ने वाले 1.5 किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण की शुरुआत से पहले शिलान्यास का बैनर तो लगाया गया, लेकिन मौके पर लोकार्पण का पत्थर गाड़ दिया गया। जब क्षेत्रीय लोगों ने सड़क बनने से पहले ही लोकार्पण होने पर सवाल उठाए और जगहंसाई हुई, तो विभाग ने आनन-फानन में लोकार्पण शब्द पर काला पेंट पोतकर उसकी जगह शिलान्यास लिखवा दिया।
विज्ञापन
लोकार्पण और शिलान्यास के पत्थरों की फोटो - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर के कल्याणपुर में करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शुरू होने से पहले शिलान्यास का बैनर लगाया फिर लोकार्पण का पत्थर लगा दिया। खास बात यह है कि पत्थर पर शिलान्यास और लोकार्पण की एक ही तारीख 11 अक्तूबर दर्ज थी। मामला चर्चा में आया तो विभाग ने आनन-फानन पत्थर पर लिखे लोकार्पण पर काला पेंट कराकर उसी स्थान पर शिलान्यास लिखवा दिया।

विज्ञापन

मिर्जापुर से गड़रियनपुरवा होते हुए रतनपुर कॉलोनी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के निर्माण पर 2.29 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। 11 अक्तूबर को कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने सड़क का शिलान्यास किया था। इसी बीच उसी तारीख पर लोकार्पण का पत्थर भी लगा दिया गया जबकि सड़क का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है।

Trending Videos

लोकार्पण शब्द को बदलकर शिलान्यास कराया
लोकार्पण का पत्थर देखकर क्षेत्रीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। स्थानीय निवासी रामनरेश, कौशल किशोर और धर्मेंद्र ने कहा कि पहली बार ऐसा विकास देखा है जिसमें सड़क बनने से पहले ही उसका लोकार्पण हो गया। मामला संबंधित विभाग के संज्ञान में पहुंचने पर दो दिन पहले पत्थर पर लिखे लोकार्पण शब्द को बदलकर शिलान्यास करा दिया गया।

मैंने 11 अक्तूबर को गड़रियनपुरवा होते हुए रतनपुर कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए शिलान्यास किया था। पत्थर बनवाने वाले से भूलवश उसमें लोकार्पण अंकित हो गया था। उसके स्थान पर शिलान्यास लिखा दिया गया है। निर्माण समय से गुणवत्तापूर्ण हो इसके लिए चार क्षेत्रवासियों की निगरानी कमेटी बनाई है।  -नीलिमा कटियार, विधायक, कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र

शिलान्यास के दौरान जनप्रतिनिधि के निर्देश पर पत्थर बनवाया गया था। पर उसमें भूलवश लोकार्पण अंकित हो गया था, उसे ठीक करा दिया गया है।  -अखंडेश्वर प्रसाद, अधिशासी अभियंता, निर्माण खंड-दो, पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन

  • शिलान्यास होर्डिंग के पास ही लोकार्पण का पत्थर लगा था जिससे क्षेत्रीय लोग असमंजस में थे कि बिना सड़क बने लोकार्पण का पत्थर लगा दिया गया। अभी सड़क बनना भी शुरू नहीं हुई। कुछ दिन बाद पत्थर में लोकार्पण की जगह शिलान्यास लिखा दिया गया।  -अनुज तिवारी, रतनपुर कॉलोनी
  • इस तरह की कार्यशैली से जग हंसाई होती है। पीडब्ल्यूडी जैसा विभाग भी इतना लापरवाह कैसे हो सकता है, जो शिलान्यास और लोकार्पण में फर्क न समझे।  -सोनू, रतनपुर कॉलोनी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें