कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के श्यामनगर स्थित नेताजी नगर में शुक्रवार शाम शॉर्ट सर्किट की एक चिंगारी ने रुई के गोदाम को आग के गोले में तब्दील कर दिया। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गोदाम के भीतर काम कर रहे 10 मजदूरों में भगदड़ मच गई। मजदूरों ने किसी तरह बाहर की ओर भागकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस और दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस निवासी जीतू अग्रवाल का नेताजी नगर में अग्रवाल इंटरप्राइजेज के नाम से रुई के गद्दे बनाने का कारखाना और गोदाम है। क्षेत्रीय निवासी राजेश कुमार, अनिल और पंकज के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कारखाने में 10 कर्मचारी काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट हुआ और निकली चिंगारी ने पास रखी रुई को अपनी चपेट में ले लिया। मजदूरों ने बताया कि हादसे के वक्त कारखाने की मशीनें बंद थीं।