कन्नौज जिले के गुरसहायगज कोतवाली क्षेत्र में शौच के लिए गए एक वृद्ध की तालाब में डूबने से मौत हो गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान सुबह करीब सात बजे तालाब में उनका शव मिला। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाली क्षेत्र की चौकी समधन के ग्राम खाड़े देवर निवासी नरेश कुमार (60) बुधवार को देर-रात शौच के लिए जा रहे थे।
इसी दौरान आशंका जताई जा रही है कि पैर फिसलने के कारण वह तालाब में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद सुबह करीब सात बजे तालाब में नरेश कुमार का शव दिखाई दिया। गांव के ही सुरेश चंद्र कठेरिया ने तालाब से शव को बाहर निकाला।