तिरंगा अगरबत्ती समूह पर आयकर छापे
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर की प्रमुख अगरबत्ती निर्माता कंपनी तिरंगा ग्रुप के 13 ठिकानों पर एक साथ इनकम टैक्स ने छापा मारा। 50 से अधिक अधिकारियों की टीम ने शहर में नौ, फैजाबाद और इंदौर में दो-दो ठिकानों पर जांच पड़ताल की। सभी ठिकानों पर दस्तावेजों में बड़े पैमाने पर गड़बड़झाला पकड़ा गया है। करोड़ों रुपये टैक्स चोरी के संकेत मिले हैं। कुछ अन्य फर्मों में भी निवेश के सबूत हाथ लगे हैं।
आयकर विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर (जांच) अमरेश तिवारी के निर्देश पर डिप्टी डायरेक्टर वेदप्रकाश, असिस्टेंट डायरेक्टर केके मिश्रा, सौरभ आनंद, अभिनव कुमार की टीम ने भारी फोर्स के साथ तिरंगा ग्रुप के मालिक नरेंद्र शर्मा के हैरिसगंज, चकेरी, रूमा, बिल्लौर, नयागंज, पीपीएन मार्केट स्थित आवास, कारपोरेट ऑफिस, गोदाम, फैक्ट्री समेत नौ ठिकानों पर धावा बोला। इसी के साथ आधा दर्जन टीमों ने फैजाबाद और इंदौर स्थित ऑफिस और गोदामों पर रेड की। सभी ठिकानों पर जांच में स्टॉक और दस्तावेजों में भारी अंतर पाया गया। यहां बड़े पैमाने कच्चे बिलों में बिक्री हो रही थी। टर्नओवर घटाकर दिखाया जा रहा था। आयकर अधिकारियों को कुछ अन्य फर्मों में भी निवेश की बात पता चली है। अधिकारियों ने अन्य फर्मों में निवेश, बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज, ऑफिसों और घरों में मिले रिकार्ड को जब्त कर लिया है।