कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के मझईया गांव के निकट 18 जनवरी की रात हुई युवक की हत्या का खुलासा एसपी ने बुधवार को कर दिया। पत्नी ने प्रेमी और मौसा के साथ पति की हत्या की थी। पुलिस ने पत्नी और मौसा को गिरफ्तार लिया है। प्रेमी फरार है।
बुधवार को पुलिस कार्यालय में एसपी दिनेश कुमार पी व एएसपी वंशराज यादव ने बताया कि तालग्राम थाना क्षेत्र के कलकत्तापुरवा गांव निवासी धनीराम पुत्र बेचेलाल की शादी जुलाई 2016 में ककवन थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुर में हुई थी। शादी के बाद सात दिन रहने के बाद पत्नी मायके चली गई। इसके बाद कई बार मृतक अपनी पत्नी को बुलाने के लिए ससुराल गया, लेकिन वह नहीं आई।
पत्नी पूनम वर्मा के प्रेम प्रसंग तालग्राम थाना क्षेत्र के गांव मझईया निवासी विपिन पुत्र रामसिंह से थे। वह अक्सर मझईया गांव अपने मौसा के यहां जाती थी। जहां अपने प्रेमी से मिलती थी। इसीलिए वह पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। उसने अपने प्रेमी मझईया गांव निवासी विपिन और मौसा रावेंद्र वर्मा के साथ पति धनीराम की हत्या की योजना बनाई। 18 जनवरी की शाम पूनम ने पति को फोन कर अपने मौसा के यहां से विदा कराने की बात कहकर बुलाया। जब वह नहीं गया तो अपने प्रेमी विपिन को बुलाने भेजा। इसके बाद धनीराम पत्नी के मौसा के घर चला गया।
शाम को सभी ने शराब पी। इसके बाद बातचीत के दौरान गर्मागर्मी और मारपीट होने लगी। पत्नी पूनम, प्रेमी विपिन और मौसा रावेंद्र वर्मा ने धनीराम वर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी। शव को गांव के बाहर फेंक दिया। 19 जनवरी को शव मिला। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। 22 जनवरी को सुरेश चंद्र ने तहरीर दी कि उसके भाई की हत्या पत्नी पूनम वर्मा, उसके मौसा रावेंद्र वर्मा और प्रेमी विपिन ने की है। 25 जनवरी को सर्विलांस टीम प्रभारी कुलदीप दीक्षित व तालग्राम थानाध्यक्ष आरपी पांडेय ने आरोपी रावेंद्र वर्मा, मृतक की पत्नी पूनम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने जुर्म को कबूल किया। मुख्य आरोपी विपिन फरार है। जिसकी तलाश की जा रही है।