यूपी के महोबा में हिंदू युवती का धर्म परिवर्तन कराते हुए 10 महीने पहले शादी रचाकर युवक शारीरिक शोषण करता रहा। युवती के गर्भवती होने पर युवक ने उसे एक लाख रुपये में खरीदे जाने की बात कहते हुए मारपीट की और भगा दिया। घर वापस लौटी युवती ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंच तहरीर सौंपी। धर्म परिवर्तन कराने की खबर लगते ही हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए और हंगामा काटते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी युवक व चर्च के पादरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महोबा शहर के एक मोहल्ला निवासी हिंदू युवती का महोबा में अपने रिश्तेदारों के यहां रह रहे एक युवक से प्रेेम प्रसंग हो गया। आठ अगस्त 2017 को युवती का धर्म परिवर्तन कराते हुए चर्च से फूलचंद्र निवासी बाजीगर बस्ती लुधियाना पंजाब के साथ शादी कराकर विदा किया गया। युवती का आरोप है कि शादी के चार माह बाद युवक ने बताया कि उसने कोई शादी नहीं की है। वह एक लाख रुपये पादरी को देकर खरीद कर लाया है। युवती ने जब गर्भवती हो जाने की बात कही तो युवक ने उसकी बुरी तरह मारपीट की और भगा दिया। तब युवती ने मामले की सूचना परिजनों को दी। एक जून को परिजन लुधियाना पंजाब से युवती को अपने घर लाए।
पीड़िता ने परिजनों के साथ चर्च के पादरी दीपक कुमार से धोखाधड़ी किए जाने की बात कही। जिस पर परिजनों को जान से मारने की धमकी दी गई। बुधवार को पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर फर्जी शादी कराने और शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया। घटना से आक्रोशित हिंदू युवा वाहिनी के जिला प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंच गए हंगामा काटते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी फूलचंद्र ईसाई निवासी लुधियाना पंजाब व चर्च के पादरी दीपक कुमार के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी, मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली के एसएसआई केपी सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।