बेहोशी की हालत में लुटेरों से भिड़ने वाली ममता
- फोटो : अमर उजाला
मर्दानी के अदम्य साहस के आगे लुटेरे जान बचाकर भाग निकले। घटना उन्नाव के मोहल्ला खुजरिहा बाग नई बस्ती की है जहां एक घर में दिनदहाड़े लुटेरों ने धावा बोल दिया। बचाव में लड़की ने लोहे की रॉड उठाकर काली रूप धारण कर लिया और एक लुटेरे को पीट-पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। अकेली तीन बदमाशों से लड़ते हुए मर्दानी लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। मोहल्ले वालों ने उसे बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
उन्नाव के मोहल्ला खजुरिहा बाग नई बस्ती कल्याणी देवी निवासी रामकुमार शहर के मोतीनगर मोहल्ला में सैलून की दुकान चलाता है। दो बेटे बबलू व सर्वेश भी दही चौकी में सैलून खोले हैं। तीसरा बेटा गोविंद दही चौकी स्थित टेनरी में काम करता है। रोज की तरह रविवार सुबह पिता-पुत्र काम पर निकल गए। घर में रामकुमार की बेटी ममता (18) अकेली थी। दोपहर एक बजे करीब वह बाहर कमरे में सो रही थी। छत के रास्ते घर में दाखिल हुए तीन लुटेरे पीछे के कमरे में घुस गए। परिजनों के अनुसार लुटेरों ने छोटे बक्से का ताला तोड़ दिया। बक्से में कुछ न मिलने पर बड़े बक्से का ताला तोड़ने लगे। खटपट की आवाज सुन बाहर कमरे में सो रही युवती की नींद खुल गई। कमरे में पहुंचते ही लुटेरों ने उसे दबोच लिया। देर तक वह बदमाशों ने संघर्ष करती रही। ममता ने बताया कि लुटेरों ने उसका गला दबा दिया। खुद को बचाने की कोशिश में उसने कमरे में पड़ी लोहे की रॉड (साबड़) से एक लुटेरे के पैर पर हमला कर दिया और किसी तरह लुटेरे के चंगुल से छूटकर भागकर बाहर गेट पर आई। लड़की का शोर सुनकर जब तक मोहल्ले के लोग कुछ समझ पाते आरोपी छत के रास्ते से पीछे की दीवार से कूदकर निकल गए। बेहोश ममता को पड़ोसियों ने संभाला और पुलिस को सूचना दी। दिनदहाड़े वारदात से मोहल्ले में आक्रोश है। परिजनों ने बताया कि ममता की नींद खुलने से बदमाश कुछ भी लूटकर नहीं ले जा पाए।