एक महीने की जद्दोजहद और नगर आयुक्त - एसएसपी में कहासुनी होने के बाद रविवार देर रात पनकी पुलिस ने एटूजेड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि पुलिस ने सोमवार को किसी नामजद आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया।
पनकी थानाध्यक्ष नन्हे लाल यादव ने बताया कि नगर निगम के पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण की तरफ से एटूजेड इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित मित्तल, क्षेत्रीय प्रतिनिधि दिनेश कटियार और विनय गर्ग के खिलाफ अमानत में खयानत, इकरारनामा करके काम बंद कर देना, कूड़ा इकट्ठा होना, प्रदूषण फैलाना, संक्रामक रोग और जहरीली गैस का खतरा उत्पन्न होने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
एटूजेड ने 10 महीने पहले कूड़ा निस्तारण प्लांट में कूड़े का निस्तारण ठप कर दिया था। इसके बाद एक - एक कर शहर के सभी छह जोनों में कूड़ा उठान भी ठप कर दिया। नगर निगम ने इस संबंध में एटूजेड को नोटिस दिए, पर उसका जवाब तक नहीं मिला।
नगर विकास मंत्री आजम खां के निर्देश पर नगर आयुक्त उमेश प्रताप सिंह ने एक महीने पहले इस कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पनकी थाने में तहरीर भेजी, पर पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी।
नगर आयुक्त के अनुसार डीएम और एडीएम (सिटी) से आग्रह करने के बाद भी रिपोर्ट नहीं लिखी गई तो तीन दिन पहले उन्होंने कमिश्नर की बैठक में मामला उठाया।
वहां एसएसपी से कहा-सुनी होने लगी तो अन्य अफसरों ने हस्तक्षेप किया। एसएसपी का कहना था कि एक अधिकारी को वादी बनाकर तहरीर दी जाए, तब रिपोर्ट दर्ज होगी। इसके बाद दो दिन पहले पनकी थाने में दोबारा तहरीर दी गई, पर तब भी एफआईआर नहीं लिखी गई। काफी जद्दोजहद के बाद रविवार को देर रात एफआईआर दर्ज की गई।