किदवई नगर में नशेबाजी का विरोध करने पर नशेबाजों ने बीच सड़क होमगार्डों को जमकर पीटा और वर्दी फाड़ दी। इलाकाई लोगों के जुटने पर नशेबाज भाग गए। पुलिस को हमलावरों की बाइक मिली है।
थाना प्रभारी फाजिल सिद्दकी का कहना है कि होमगार्डों से तहरीर लेकर नशेबाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। होमगार्ड प्रेमचंद्र बाजपेई, उमेश कुमार, धर्मेंद्र अवस्थी और मणिकांत तिवारी म्यूजिकल फाउंटेन पार्क की सुरक्षा में तैनात हैं।
प्रेमचंद्र ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर किदवई नगर डी-ब्लाक निवासी आशू और बल्लू आधा दर्जन साथियों के साथ पार्क में बैठकर खुलेआम शराब पी रहे थे। पार्क में मौजूद लोगों की शिकायत पर उन्हें टोका तो वे मारपीट पर आमादा हो गए। नशेबाजों ने बीच सड़क पर तीनों होमगार्डों पर लात-घूंसों की बारिश शुरू कर दी और भाग गए।
वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी युवकों के घरों में दबिश दी जा रही है। वहीं आसपास के लोगों का कहना है कि पार्क में पूरे दिन इसी तरह के अराजकतत्वों का जमावड़ा लगा रहता है।
पतंग तोड़ने का उलाहना देने पर सिर फोड़ा
कानपुर साउथ। गोविंद नगर के गोपाल नगर कच्ची बस्ती निवासी देवी चरण वाल्मीकि का छोटा बेटा कल्लू मोहल्ले में पतंग उड़ा रहा था, तभी इलाके में रहने वाले शेखर ने उसकी पतंग तोड़ ली। इसकी जानकारी कल्लू ने बड़े भाई दीपक को दी तो वह शेखर के घर उलहना लेकर पहुंच गया।
शेखर के भाई श्याम और धनीराम ने साथियों के साथ मिलकर उसका सिर फोड़ दिया। पड़ोस में रहने वाली प्रीति ने बीच-बचाव किया तो उसके साथ मारपीट की और आरोपी भाग निकले। घायल युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज तीन आरोपियों को धर दबोचा है। पुलिस का कहना है कि अन्य की तलाश जा रही है।