तीन छात्राओं से छेड़खानी तो छोटे ने की जबकि पिटाई बड़े भाई की हो गई। छात्राओं के परिजन आरोपी को ढूंढते हुए उसके घर पहुंचे। आरोपी नहीं मिला तो उसके बड़े भाई की पिटाई कर दी।
चौथी मंजिल से उसे नीचे लटका दिया, लोगों ने शोर मचाया तो उसे चौथे फ्लोर से पीटते हुए ग्राउंड फ्लोर तक लाए। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया, उपचार के बाद उसे छुट्टी मिल गई।
घायल युवक का कहना है कि छेड़छाड़ का आरोप लगाकर छात्रा के भाई ने पुरानी रंजिश का बदला लिया है।
कविनगर थानाक्षेत्र स्थित एक कालोनी में रहने वाली तीन सहेलियां 10वीं और 11वीं की छात्राएं हैं। इनमें से एक दूसरे समुदाय की है। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार सुबह तीनों छात्राएं साइकिल से स्कूल जा रही थीं।
रास्ते में दूसरी कालोनी में रहने वाला डीयू से ग्रेजुएट छात्र बाइक पर अपने दोस्त के साथ छात्राओं का पीछा करने लगा। छात्राओं पर अश्लील कमेंट्स किए, स्कूल के बाहर उनमें से एक का हाथ पकड़ने की कोशिश की।
आरोपी की इस हरकत को उस दौरान वहां से गुजर रहे छात्रा के भाई ने देख लिया। छात्राएं स्कूल चली गईं, आरोपी मौके से भाग गया। छात्रा के भाई ने घर पहुंचकर परिजनों को भी इसकी जानकारी दी।
छात्रा का भाई आरोपी को तलाशता हुआ उसके घर पहुंचा, लेकिन आरोपी के बडे़ भाई ने आरोपी को मौके से भगा दिया। यह देखकर छात्रा के भाई ने अपने दोस्तों के साथ उसे ही पीटना शुरू कर दिया।
एसएचओ कविनगर अशोक सिसौदिया ने बताया कि दोनों पक्षों ने शिकायतें की थी, बाद में समझौता कर लिया है। उधर, घायल छात्र ने बताया कि मामला छेड़खानी का नहीं है। उसका दावा है कि पुरानी रंजिश की वजह से मारपीट की गई है।