विजय नगर चौराहे पर बुधवार दोपहर स्कूल बस के एक वैन से छू जाने के बाद वैन चालक ने बच्चों से भरी बस पर पथराव कर दिया। इससे स्कूली बस में बैठे छोटे-छोटे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते बच्चे खिड़कियों से कूदने के चक्कर में आधे लटक गए तो उन्हें बचाने भीड़ दौड़ पड़ी।
बच्चों को संभालने के बाद भीड़ ने पथराव करने वाले वैन चालक को सड़क पर घसीट-घसीट कर पीटा। चालक के इलाकाई होने पर उसके परिजन आ गए तो उन्हें भी पीटा गया। पौन घंटे तक व्यस्त चौराहे पर बवाल होता रहा लेकिन चौराहे पर तैनात पिकेट और पुलिस चौकी में तैनात पुलिस वाले तमाशा देखते रहे।
बाद में फजलगंज पुलिस आई और वैन चालक को हिरासत में लेकर चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना दोपहर लगभग ढाई से पौने तीन बजे की है। विजय नगर चौराहा पर वैन चालक राकेश उर्फ छोटू सवारी भर रहा था। वहीं से डीपीएस कल्याणपुर की बच्चों से भरी बस गुजरी।
वैन चालक ने बस को रोक लिया। आरोप लगाया कि बस ने वैन में खरोंच मार दी है। बात बढ़ी तो बस ड्राइवर से हाथापाई होने लगी। वैन चालक ने ईंट-पत्थर फेंककर बस का शीशा तोड़ दिया। बच्चे चीखने-चिल्लाने लगे। बच्चों की चीख-पुकार का भी वैन चालक पर असर न होता देख राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा।
उन्होंने वैन चालक को पीटना शुरू कर दिया। चंद मिनट में ही वैन चालक की पत्नी और उसके कुनबे से जुड़े तमाम लोग आ गए। सभी करीब ही झोपड़ी में रहते हैं। हाथापाई, गाली-गलौच तेज हो गई। पुलिस के पहुंचने पर बस चालक रामचंदर और वैन चालक राकेश उर्फ छोटू ने पुलिस को अपने-अपने आरोप बताए।
फजलगंज एसओ आरके त्रिपाठी ने बताया कि स्कूली बच्चों में दहशत थी, इसके चलते चालक से तुरंत बस लेकर जाने को कह दिया गया। वैन चालक को थाने लाया गया है। रात तक किसी ने तहरीर नहीं दी थी।