कन्नौज सदर कोतवाली के रुदौली गांव में रविवार देररात महिला ने पति की छाती पर चढ़कर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। चाकू के वार से सो रहे पति की सांस की नली कट गई। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गई। बेटे ने कोतवाली में मां के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गले में चाकू का गहरा घाव व सांस की नस कटने से मौत की पुष्टि हुई है।
रुदौली गांव निवासी बेंचेलाल दोहरे (50) किसान थे। बेटे नीलेश ने बताया कि मां द्रोपदी का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। पिछले साल कानपुर के मानसिक अस्पताल में वह दो महीने भर्ती रही थीं। पिता से आए दिन झगड़ा होता था। रविवार की रात लगभग 11 बजे तक वह पिता से लड़ती रहीं, फिर सब सो गए। वह और बड़ी बहन छत पर सोए थे। पिता, माता, छोटी बहन रागिनी बरामदे में सो गई।
रात में मां ने चाकू से गोदकर पिता को मार डाला। पिता के उल्टी जैसी आवाज करने पर तड़के तीन बजे बहन रागिनी ने खून से लथपथ देखकर शोर मचाया। इससे वह लोग पिता को लेकर गुरसहायगंज के निजी अस्पताल पहुंचे। डॉक्टर ने दूसरी जगह जाने की सलाह दी। फर्रुखाबाद ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पिता की मौत की पुलिस को सूचना दी गई।