महिलाएं हंसिया और डंडे लेकर पुलिस पर टूट पड़ीं
बांदा में 17 लाख की चोरी के मामले में संदिग्ध व्यक्ति के घर दबिश देने गई पुलिस टीम पर महिलाओं ने हमला कर दिया। महिलाएं हंसिया और डंडे लेकर पुलिस पर टूट पड़ीं। इसमें नरैनी कोतवाली का दरोगा और एक सिपाही घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव में पिछले हफ्ते सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी के घर चोरी हो गई थी। नगदी समेत लगभग 17 लाख का सामान चोरी होना बताया था।शुक्रवार की रात करीब 11 बजे पुलिस ने गांव आकर लल्लू श्रीवास के घर छापा मारा। अचानक पुलिस कर्मियों के घर में घुस आने से महिलाओं और बच्चों ने चोर-चोर कहकर शोर मचाना शुरू कर दिया। दो दरोगा और तीन सिपाहियों ने बताया कि वे कोतवाली से आए हैं, लेकिन तब तक महिलाओं ने हंसिया और डंडों से पिटाई कर दी। शोर सुन कर मोहल्ले के लोग भी आ गए और घेराबंदी कर ली। असलियत पता चलने पर मामला शांत हुआ। महिलाओं के हमले में सब इंस्पेक्टर सुरेशचंद्र मिश्रा और कांस्टेबल करन सिंह घायल हो गए। दोनों ने रात 12 बजे पीएचसी में इलाज कराया। डॉ. जीवन प्रकाश ने बताया कि दरोगा के हाथ, पैर और चेहरे तथा सिपाही के हाथ में चोटें हैं।
कोतवाली प्रभारी मोहम्मद शरीफ ने बताया कि जिस घर में पुलिस पूछताछ करने गई थी, उसके मालिक का बेटा सुनील उर्फ घंसू बाइक चोरी में पकड़ा गया था। हाल ही में वह जेल से जमानत पर छूटा है। इसी संदेह के आधार पर चोरी के बारे में पुलिस पूछताछ करने गई थी। निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल इस मामले में दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है।