तस्वीर में अपनी पत्नी के साथ अनुभव मित्तल
3700 करोड़ की ऑनलाइन ठगी के आरोप में गिरफ्तार हुए एब्लेज इंफो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मालिक अनुभव मित्तल की पत्नी आयुषी अग्रवाल के हरजेंदर नगर-2, कानपुर स्थित घर पर शनिवार को ताला लटका मिला। आयुषी कंपनी की डायरेक्टर हैं और यूपी एसटीएफ इनकी तलाश में है। गुरुवार शाम को एसटीएफ के चार अधिकारी आयुषी के घर पहुंचे थे। शुक्रवार को आयुषी की मां मीना अग्रवाल और पिता घर पर ताला लगाकर चले गए।
आयुषी कंपनी की डायरेक्टर हैं
अनुभव मित्तल
अरबों की ठगी का आरोप झेल रहीं आयुषी अग्रवाल शादी से पहले हरजेंदर नगर-2, शिवकटरा रोड पर बाबूलाल के हाता में साधारण से मकान (86-ए) में रहती थीं। लाल बंगला स्थित विद्या निकेतन स्कूल में पढ़ाती थी और परिवार चलाने में घरवालों की मदद करती थीं। मां मीना अग्रवाल एलआईसी में एजेंट हैं और पिता के बारे में स्थानीय लोग अधिक नहीं जानते। उन्हें उनका नाम तक नहीं पता। आयुषी का परिवार चार साल पहले ही हरजेंदर नगर-2 आया था। आयुषी के पिता ने एयरफोर्स के एक रिटायर्ड शख्स से यह मकान खरीदा था। इससे पहले वे कहां रहते थे, आसपास के लोग नहीं जानते। आयुषी के परिवार में माता पिता के अलावा एक बड़ा भाई है जो चार साल में सिर्फ एक दो बार ही घर पर दिखा है।
आसपास के लोग सकते में
अनुभव मित्तल
बताते हैं कि वह कानपुर से बाहर रहकर कहीं पढ़ाई कर रहा है। आयुषी और उसके पति के बारे में चौंकाने वाला खुलासा अखबारों में पढ़कर आसपास के लोग सकते में हैं। बावजूद इसके आयुषी, उनकी मां मीना और पिता का सीधा और सज्जन व्यक्ति ही बताते हैं। किसी को इस बात का भरोसा नहीं कि आयुषी पर इतना बड़ा आरोप है। आयुषी के परिवार के संपर्क में रहने वाले स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी से पहले आयुषी और इनके परिवार का रहन सहन सामान्य ही था। आचरण और कार्य व्यवहार में भी कोई खोट नजर नहीं आई। कुछ लोग तो यहां तक कहते हैं कि आयुषी अपने पति के कारनामों की वजह से फंसी है।
आयुषी व उसके पति के बारे में पूछताछ
अनुभव मित्तल
स्थानीय सूत्र बताते हैं कि गुरुवार शाम को सादे कपड़ों में पुलिस के कुछ अधिकारी आए थे। उन्होंने आयुषी और उसके पति के बारे में पूछताछ की और घर का रहन सहन देखा। आयुषी के माता-पिता ने उसके पति के काम के बारे में जानकारी होने से इनकार किया था। कुछ देर रुकने के बाद अधिकारी चले गए। अगली सुबह ही अखबारों में खबर छपने के बाद उनके माता-पिता भी ताला लगाकर चले गए।
सोमवार को कानपुर में थी आयुषी
अनुभव मित्तल की पत्नी और कंपनी की डायरेक्टर
आयुषी सोमवार को अपने मायके आई थी। सफेद लंबी कार से उतरते हुए लोगों ने उसे देखा था। आसपास के लोगों ने उसकी कुशलक्षेम पूछी तो उसने बताया था कि लाल बंगला स्थित एक सहेली की शादी में शामिल होने के लिए आई है। इसके बाद से वह नहीं दिखी।
आयुषी-अनुभव का अबूझ कनेक्शन
अनुभव मित्तल
एब्लेज इंफो सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड के मालिक गाजियाबाद के अनुभव मित्तल और इसी कंपनी की डायरेक्टर कानपुर की आयुषी अग्रवाल का कनेक्शन अबूझ है। स्कूल में छह हजार रुपये की नौकरी करने वाली साधारण सी लड़की करोड़ों की ऑनलाइन कंपनी चलाने वाले माहिर बिजनेसमैन अनुभव मित्तल के संपर्क में कैसे आई, यह किसी को नहीं पता। आयुषी के परिवार को जानने वाले लोग इस रिश्ते को पचा नहीं पा रहे थे। वर्ष 2012 में शिवकटरा रोड पर बाबूलाल के हाता में रहने आए अग्रवाल परिवार की इतनी हैसियत नहीं थी कि वे ऐसी शादी कर सके। बावजूद इसके सात दिसंबर 2015 को आयुषी की शादी भव्य तरीके से हुई। यह शादी कानपुर में न होकर आगरा में हुई थी। आयुषी के कई पड़ोसी इस शादी में शामिल होने आगरा गए थे। आयुषी और अनुभव की शादी को पूरे 14 महीने हो गए हैं, लेकिन अनुभव एक बार भी अपनी ससुराल कानपुर नहीं आया। स्थानीय लोग बताते हैं कि उन्होंने कई बार मीना से बेटी आयुषी के पति के बारे में पूछा, लेकिन उन्होंने टाल दिया। आयुषी जब भी अपने मायके आईं, अकेले ही आईं।
अगस्त में शुरू हुई थी कंपनी
अनुभव मित्तल
अनुभव मित्तल की सोशल ट्रेड डॉट बिज (socialtrade.biz) नाम का ऑनलाइन सोशल मीडिया पोर्टल अगस्त 2015 में लांच हुआ था। चार महीने बाद दिसंबर में ही आयुषी से शादी हो गई। इसके बाद अनुभव मित्तल ने पोर्टल का नाम बदलकर एब्लेज इंफो कर दिया। शादी के चार महीने बाद मार्च 2016 में आयुषी को कंपनी का डायरेक्टर बना दिया।