कानपुर में साइबर ठगों ने मेडिकल कॉलेज की प्रोफेसर सपना सिंह के खाते से 99 हजार रुपये पार कर दिए। प्रोफेसर ने थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने आईजी से शिकायत की। आईजी के आदेश पर स्वरूपनगर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
डॉक्टर अरविंद कुमार की पत्नी डॉ. सपना सिंह मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में प्रोफेसर हैं। उनका बैंक ऑफ इंडिया की मंधना शाखा में खाता है। डॉ. अरविंद ने बताया कि 11 सितंबर को उनकी पत्नी ने एक कुर्सी ऑनलाइन मंगाई थी।
कुर्सी पहुंची, लेकिन उसका साइज गलत था। इस पर डॉ. सपना ने गूगल से कंपनी का कस्टमर केयर नंबर सर्च कर संपर्क किया। खुद को कस्टमर केयर अधिकारी बताने वाले शख्स ने उनसे पहले तो रुपये वापसी के लिए कहा। बाद में उसने कहा कि वह कुर्सी बदलकर भिजवा देगा।
डॉ. सपना ने बताया कि बिठूर के रुद्रा ग्रीन अपार्टमेंट स्थित उनके फ्लैट में एक व्यक्ति आया। उसने खुद को कंपनी का कर्मचारी बताया और वह कुर्सी ले गया। जब बहुत दिनों तक नई कुर्सी नहीं आई, तो उसी नंबर पर संपर्क कर कुर्सी के बदले रकम वापस करने की बात कही।
एक नवंबर को कॉल रिसीव करने वाले ने रुपये वापसी के लिए उनके मोबाइल पर एक लिंक भेजा। आरोप है कि लिंक को क्लिक किया, तो एक वेब फॉर्म खुल गया। उसे भरते ही उनके खाते से छह बार में 99 हजार रुपये पार हो गए। बैंक का मैसेज आने पर ठगी का पता चला।
इसके बाद पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। फिर आईजी से गुहार लगाई। स्वरूप नगर थाना प्रभारी सतीश चंद्र साहू ने बताया कि महिला प्रोफेसर की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ठगों को पकड़ने के लिए साइबर सेल से मदद ली जा रही है।