बाइक की टक्कर से वृद्ध की मौत, दो घायल
महोबा/खन्ना। अलग-अलग स्थानों पर हुईं सड़क दुर्घटनाओं में बाइक की टक्कर से एक वृद्ध की मौत हो गई। जबकि ट्रक व डंपर की भिडंत में चालक व क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने चालक की हालत नाजुक होने पर उसे कानपुर रेफर कर दिया।
थाना महोबकंठ के ग्राम रिवई निवासी गनेशी यादव (70) पुत्र बलखंडी गुरुवार सुबह खेतों से पैदल घर लौट रहा था। तभी गांव के समीप बाइक सवार ने गनेशी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया। दुर्घटना के बाद ग्रामीण एकत्र हो गए और चालक को पकड़कर बाइक कब्जे में ले ली। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले गए। जहां उपचार के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध की मौत होने की भनक लगते ही अस्पताल में मौजूद बाइक चालक भाग निकला। सूचना पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरभौली चौकी के समीप एक और हादसा हुआ। कस्बा कबरई से गिट्टी लादकर ट्रक कानपुर की ओर जा रहा था। तभी कानपुर की ओर से आ रहे डंपर की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में ट्रक चालक धर्मपाल व क्लीनर रामकुमार निवासी घाटमपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद एकत्र राहगीरों ने घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौदहा पहुंचाया। जहां से डॉक्टर ने धर्मपाल की हालत नाजुक होने पर कानपुर रेफर कर दिया।
- ग्रामीणों ने बाइक चालक को पकड़ा, अस्पताल से भागा
- ट्रक व डंपर की भिंडत में ट्रक चालक व क्लीनर घायल