अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा के समीप यमुना बैरियर पर कांस्टेबल पर फायरिंग करने वाले बदमाश अभी भी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ पाए हैं। हरियाणा और हिमाचल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है। बदमाश हरियाणा की तरफ भागे हैं। लिहाजा, हरियाणा के कई इलाके सील किए गए हैं। हरियाणा पुलिस के साथ हिमाचल पुलिस की टीम भी सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है। हरियाणा के संदिग्ध क्षेत्रों को सील कर दिया गया है।
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात पांवटा में सनसनीखेज वारदात हुई। उत्तराखंड की तरफ से स्कार्पियों गाड़ी में सवार होकर 7 बदमाश पहुंचे। रामपुरघाट बैरियर पर बिना हथियार के तैनात एचएससी राजेंद्र कुमार उर्फ राजू ने इनको रोकने के प्रयास किए। पुलिस जवान ने खुद चाबी निकाल कर गाड़ी को साइड में लगा दिया।
इस बीच हथियारों से लैस शातिर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। एक बदमाश ने पुलिस जवान पर गोली चला दी। गोली राजेंद्र के कनपटी के समीप से निकली। इसके बाद दो गोलियां सीमा पर बने बैरियर के हट की दीवारों एक सड़क पर दागी। चार राउंड फायरिंग करते हुए गाड़ी की चाबी छिन ली। भागते समय भी घायल पुलिस जवान ने इंट फेंक कर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद, पुलिस अधिकारियों ने पड़ोसी राज्य, स्थानीय थाने चौकियों व बैरियरों पर सूचित कर अलर्ट कर दिया। बदमाशों ने पहले बहराल की तरफ से हरियाणा में प्रवेश करने की कोशिश की लेकिन बैरियर पर पुलिस बल तैनात देख कर माजरा की तरफ भाग गए। इसके बाद हरियाणा के बिलासपुर मार्ग पर बैरियर तोड़ कर भाग खड़े हुए।
उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि पांवटा पुलिस टीम हरियाणा क्षेत्र में है। हरियाणा पुलिस के साथ संयुक्त रुप से सर्च ऑपरेशन चल रहा है जिससे यमुनाघाट बैरियर पांवटा मामले के आरोपियों को दबोचा जा सके। चंडीगढ़, हरियाणा के यमुनानगर पुलिस टीम के साथ मिलकर सर्च अभियान चला गया है जिससे हिमाचल पुलिस जवान पर फायरिंग करने वाले, आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जा सके।
---------------------------
सुरेश तोमर
...