किशनपुर(फतेहपुर)। मां के साथ खेत के लिए निकली छात्रा को बाइक सवार मौसा के भाई ने जंगल में खींचकर दुष्कर्म किया। मां के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला लेकिन उसका सहयोगी फुफेरा भाई बाइक समेत दबोच लिया गया। ग्रामीणों ने उसे पीपल के पेड़ में बांधकर पीटा। साथ ही भागे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सड़क जाम कर नारेबाजी भी की। एसओ संदीप तिवारी ने बताया कि छात्रा की मां की तहरीर पर आरोपी मौसा के भाई खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर और उसके साथी पर सहयोगी के रूप में होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
थानाक्षेत्र के एक गांव की 19 वर्षीय छात्रा मां के साथ सुबह खेत जा रही थी। मां कुछ दूर आगे निकल गई। परिवार का आरोप है कि इसी बीच उसके सगे मौसा का 23 वर्षीय भाई छात्रा को मुंह दबाकर जंगल में घसीट ले गया। बेटी को न देख उसकी मां खोजबीन करते मौके पर पहुंची। बेटी संग आरोपी को आपत्तिजनक हालात में देख मां ने शोर मचाया। इस पर आरोपी मौके से खेत के रास्ते भाग निकला। बाइक लेकर रोड पर खड़े किशनपुर थाना निवासी मौसा के फुफेरे भाई को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। गांववालों ने उसे पीपल के पेड़ पर बांधकर जमकर पीटा। ग्रामीण घटना के बाद लोहिया पुल पहुंचे। बबूल के पेड़ सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे मार्ग पर यातायात बाधित रहा। सूचना पर एसओ संदीप तिवारी पहुंचे। एसओ ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद यातायात बहाल हो सका।