अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। बुंदेलखंड की परंपरागत बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता मारपीट में बदल गई। प्रतियोगिता को बीच में ही रोक दिया गया। मारपीट में घायल तीन प्रतिभागियों को यूपी-100 पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। आयोजकों ने मामला शांत करा दिया।
सोमवार को मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव में बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता थी। इसमें बांदा जनपद के मोहन पुरवा, अछरौड़, परछा, अठघार और महोबा के खन्ना, तथा हमीरपुर के मौदहा आदि क्षेत्रों से आए प्रतिभागी शामिल हुए। यह सब अपने साथ बैलगाडियां लेकर आए थे।
आयोजन समिति के शम्मी खां ने रंजीत (मोहन पुरवा) व मीठे खां (गोयरा) की बैलगाडिय़ों को झंडी दिखाकर शुरूआत कराई। अमर सिंह (अठघार)-सोना पहलवान (मौदहा), जग्गा यादव (महोबा)-सुंदर (अठघार) ने भी बैलगाडिय़ां दौड़ाईं।
इसी बीच भटीपुरा (महोबा) और परछा (बांदा) गांव के प्रतिभागियों के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। मामला तूल पकड़ गया और लाठी-डंडे चलने लगे। महोबा के अशरफ (28), अकरम (56) व अर्जुन (26) घायल हो गए। आयोजकों व ग्रामीणों ने बीचबचाव कर मामला शांत कराया। सूचना पर पहुंची यूपी-100 पुलिस घायलों को अपने साथ ले गई।
आयोजन समिति के नईम खां व बाबू खां (छनेहरा लालपुर) ने बताया कि हर साल यह प्रतियोगिता कराई जाती है। लेकिन इस बार विवाद के चलते इसे बीच में ही रोकना पड़ा। उधर, मटौंध थानाध्यक्ष एसके पांडेय ने बताया कि किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जानकारी मिली है।
बैलगाड़ी दौड़ में प्रतिभागियों में चली लाठियां
महोबा के तीन प्रतिभागी घायल
आयोजकों ने रद्द की प्रतियोगिता