कानपुर में नौबस्ता थानाक्षेत्र के गुलमोहर विहार निवासी अधिवक्ता के बंद घर से चोर नकदी, जेवरात समेत करीब 24 लाख का सामान समेट ले गए। सोमवार को घर लौटने पर अधिवक्ता की सूचना पर पुलिस ने छानबीन की। कमरे से पत्थर व साबड़ बरामद किया।
अधिवक्ता रामकुमार सिंह अपनी पत्नी, दो बेटों ठेकेदार अनुराग सिंह, इंजीनियर अभिषेक सिंह और उनके परिवार के साथ रविवार को घाटमपुर में भाई की बेटी की शादी में शामिल होने गए थे। सोमवार सुबह करीब छह बजे घर लौटने पर उन्हें मेनगेट का ताला बंद मिला।
अंदर सभी कमरों और अलमारियों के ताले टूटे मिले। गृहस्थी का सामान अस्तव्यस्त मिला। फ्रिज में रखी कोल्डड्रिंक की बोतलें खाली मिलीं, जबकि फल गायब थे। अधिवक्ता के मुताबिक चोर बाउंड्री फांद कर अंदर आए। अलमारी में रखे करीब बीस लाख के जेवरात, 1.75 लाख रुपये, पत्नी और दोनों बहुओं की महंगी साड़ियां समेत गृहस्थी का सामान समेट ले गए।
मौके पर जांच करने पहुंची पुलिस को अनुराग ने बताया कि घर के ठीक सामने खाली पड़ी जगह पर झोपड़ी में एक गरीब परिवार को कई साल पहले बसा दिया था। शादी में जाने से पहले उसे घर के दरवाजे पर सोने को कहा था।
इस पर पुलिस ने परिवार के तीन सदस्यों को पकड़कर पूछताछ की। सभी ने झोपड़ी में ही सोने की बात कही। पुलिस दो घरों को छोड़ कर एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की मदद से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।