कानपुर में स्वरूपनगर निवासी बालरोग विशेषज्ञ डॉ सुनील तनेजा की पत्नी से ठगी हो गई। जालसाजों ने फ्लैट बेचने का झांसा देकर 22 लाख रुपये ठग लिए। यही नहीं फ्लैट में रखे पांच लाख रुपये कीमत के घरेलू सामान भी उठा ले गए। डॉक्टर ने जालसाजों के खिलाफ स्वरूपनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
स्वरूपनगर निवासी डॉ सुनील तनेजा की पत्नी डॉ गौरी ने बताया कि कुछ माह पहले फ्लैट खरीदने के सिलसिले में उनकी मुलाकात प्रापर्टी डीलर अनूप अस्थाना से हुई थी। उन्होंने स्वरूप नगर के क्लासिक अपार्टमेंट निवासी प्रेमनाथ अरोड़ा का फ्लैट खरीदने की बात कही थी जिसकी कीमत 52 लाख रुपये तय हुई।
सौदा तय होने पर उन्होंने 22 लाख रुपये बतौर एडवांस चेक के माध्यम से दे दिए थे। बाकी रकम रजिस्ट्री होने के बाद देने की बात तय हुई थी। सौदा तय होने के बाद प्रेमनाथ ने उन्हें फ्लैट में सामान रखने की अनुमति दे दी। जिसपर उन्होंने पांच लाख रुपये कीमत के घरेलू सामान उसमें शिफ्ट कर दिए।
आरोप है कि 25 फरवरी को प्रेमनाथ का भतीजा सोनल बजाज उनकी गैर मौजूदगी में घर का सारा सामान उठा ले गया। पूरी घटना अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। आरोप है कि इस बीच प्रेमनाथ ने वह फ्लैट डॉ. एचएस गुप्ता को बेच दिया। जानकारी के बाद डॉ. तनेजा ने स्वरूपनगर थाने में शिकायत की। थानाप्रभारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।