अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। शहर के मोहल्ला नारायणपुर में घर में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद महिला ने स्वयं को एक कमरे मे बंद कर आत्मदाह की कोशिश की। इसी बीच परिजन तुरंत दरवाजा तोड़कर घुसे और महिला को बचा लिया। सूचना पर यूपी 100 पुलिस पहुंच गई और महिला के एक बेटे को हिरासत में लिया और हिदायत देकर छोड़ दिया।
मोहल्ला नारायणपुर निवासनी फू लन देवी अपने परिजनों के साथ रहती हैं। रविवार रात किसी बात को लेकर उसका बेटे से विवाद हो गया। विवाद के बाद मामला रात में ही खत्म हो गया।
मगर सोमवार सुबह अचानक फूलन देवी ने अपने आप को एक कमरे मे बंद कर लिया और वहां रखे केरोसिन को अपने ऊपर डाल लिया। केरोसिन डालने के बाद जब वह माचिस चला रही थी उसी समय परिजनों की नजर पड़ गई। परिजन दरवाजा तोड़कर घुसे और महिला को बचा लिया।
शोर सुनकर मोहल्ले के लोगों ने यूपी 100 को सूचना दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ के बाद उसके बेटे को हिरासत में ले लिया।
हालांकि बाद में मां-बेटे का विवाद होने के कारण हिदायत देकर छोड़ भी दिया। वहीं कोतवाली पुलिस ने घटना की सूचना होने से इनकार किया है।