कानपुरः बिठूर के नारामऊ में शादी से ठीक एक दिन पहले युवती का सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। उसका शव बुधवार सुबह दलहन अनुसंधान फार्म हाउस के पास लिंक रोड किनारे मिला। पुलिस ऑनर किलिंग और प्रेम प्रसंग के बिंदु पर जांच कर रही है।
नारामऊ निवासी राकेश गौतम एक फैक्ट्री में काम करता है। उसकी बेटी अन्नपूर्णा उर्फ छोटी (20) की शादी बिठूर के कुरसौली गांव निवासी पुनीत से तय हुई थी। 14 अप्रैल को तिलक हुआ जबकि गुरुवार को शादी थी। मंगलवार रात घर पर संगीत कार्यक्रम चल रहा था। करीब साढ़े आठ बजे अन्नपूर्णा कहीं चली गई। सुबह उसका शव सड़क किनारे मिला। पास स्थित फार्म हाउस के सुरक्षा गार्ड ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर सीओ कल्याणपुर, फोरेंसिक टीम सहित दो थाने का फोर्स पहुंचा। बाद में राकेश ने शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, अन्नपूर्णा के सिर पर ईंट या पत्थर से अनगिनत वार किए गए। अधिक खून बह गया और सिर की हड्डी टूट गई। इसी वजह से उसकी मौत हुई। दुष्कर्म की आशंका के चलते दो स्लाइड बनाई गई हैं। हालांकि, शुरुआती जांच में दुष्कर्म जैसी कोई बात सामने नहीं आई है।
बाइक पर किसी के साथ गई थी
पुलिस ने राकेश, उसकी पत्नी शिवदेवी व तीन बेटियों से भी पूछताछ की। एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि रात करीब पौने नौ बजे उसने अन्नपूर्णा को किसी के साथ बाइक से जाते देखा था। हालांकि, वह बाइक का नंबर नहीं बता सका।
इसलिए ऑनर किलिंग का शक
अन्नपूर्णा मंगलवार रात से गायब थी, लेकिन परिजनों ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही उसकी खोजबीन की। परिजनों का कहना है कि घर पर शादी का माहौल था, इसलिए ध्यान नहीं रहा कि अन्नपूर्णा कहां है। परिजनों का ये तर्क पुलिस के गले नहीं उतर रहा है। दूसरी तरफ घटना के बाद परिजनों ने तहरीर भी नहीं दी। पुलिस को आशंका है कि युवती शायद शादी करना नहीं चाहती थी लेकिन उस पर दबाव बनाया जा रहा था। इंकार करने पर ऑनर किलिंग को अंजाम दिया गया।
शक केआधार पर दो को उठाया
पुलिस ने शक के आधार पर दो युवकों को उठाया है। एक नारामऊ जबकि दूसरा गूबा गार्डेन, कल्याणपुर निवासी ट्रांसपोर्टर है। ट्रांसपोर्टर के दफ्तर में अन्नपूर्णा काम भी कर चुकी है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दोनों का उसके घर आना-जाना था।
वर्जन
परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। जांच जारी है। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कई जानकारियां मिली हैं। ऑनर किलिंग के बिंदु पर भी तफ्तीश की जा रही है। - अनंत देव, एसएसपी