इटावा। बसरेहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव हरनाथपुरा में किसान के खेत पर लगा पंपसेट चोरी हो गया। किसान ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव हरनाथपुरा निवासी किसान अजीतराम पुत्र कुंअर लाल ने खेत पर सिंचाई के लिए पंपसेट लगवाया था। 12 जनवरी की रात को चोर पंपसेट को चुरा ले गए। सुबह जब अजीतराम खेतों पर गए तो पंपसेट गायब था। खोजबीन की तो पंपसेट खरदूली निवासी कुंअर सिंह के खेत में मिला। इस संबंध में अजीतराम ने कुंअर सिंह सहित तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। ब्यूरो
मकान के ताले तोड़कर चोरी रिपोर्ट
इटावा। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला यशोदा नगर में लार्ड कृष्णा वाली गली निवासी सुदेश कुमार अपने परिवार के साथ घर कहीं गए थे। वे मकान में ताला डाल गए थे। मौका पाकर चोरों ने मकान के ताले तोड़ दिए और मकान में घुस गए। बक्सों के ताले तोड़कर उसमें रखे जेवर-नगदी के अलावा अन्य सामान चुरा ले गए। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह हुई जब लोगों ने सुदेश के मकान के ताले टूटे देखे। लोगों ने इसकी सूचना सुदेश को दी। जानकारी मिलने पर वे घर पर पहुंचे और छानबीन की। सुदेश ने बताया कि चोर उसके घर से टीवी, चूल्हा, पीतल के बर्तन कपड़े व दो सोने की अंगूठी चुरा ले गए। सुदेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।