उन्नाव। भाड़े के बहाने ट्रैक्टर चालक को शहर बुलाकर बदमाशों ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया और ट्रैक्टर-ट्राली लूट ले गए। चाल को बेहोशी की हालत में शहर के बाहर सुनसान स्थान एक बाग में फेंक दिया। बाग मालिक ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर परिजनों को सूचना दी गई। पीड़ित चालक ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव इटौली निवासी शुभम सिंह (26) पुत्र लाल बहादुर शुक्रवार को बेथर गांव स्थित एक ईट भट्ठा पर गया था। यहां उसे बाइक सवार तीन युवकों ने खुद को फर्नीचर कारोबारी बताया। उन्होंने बताया कि उनकी बीघापुर में फर्नीचर की दुकान है। शहर के गदनखेड़ा से फर्नीचर लेकर आना है।
किराया तय होने के बाद शुभम को डीजल के लिए तीन सौ रुपये देते हुए शनिवार को उन्नाव शहर कोतवाली के गदनखेड़ा बाईपास पर 11 बजे बुलाया। शनिवार को शुभम गदनखेड़ा बाईपास पहुंचकर युवकों को फोन किया तो उन्होंने लखनऊ की ओर आने की बात कही। शुभम लखनऊ की ओर बढ़ा।
पुराना एआरटीओ से कुछ पहले तीनों युवक उसे मिले। मजदूरों का इंतजार करने बहाने उसे रुकने को कहा। युवकों ने शुभम कोल्डड्रिंक पिलाई, कुछ देर बाद शुभम बेहोश हो गया। लुटेरों ने उसे ट्राली में डालकर दोस्तीनगर स्थित एक बाग में फेंक दिया।
देर शाम जब बाग मालिक इंद्रानगर निवासी देवेंद्र सिंह वहां पहुंचे तो युवक को अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो जिला अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर शुभम ने आपबीती बताई। देवेंद्र ने परिजनों को फोन पर घटना की जानकारी दी। पीड़ित ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि तहरीर आई है। घटना की जांच की जा रही है।
-बेहोशी की हालत में चालक को दोस्तीनगर स्थित एक बाग में फेंका
-होश में आने पर चालक ने कोतवाली में दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो