पुखरायां (कानपुर देहात)। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मऊखास गांव निवासी एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पति ने थाने में इत्तफाकिया तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मऊखास गांव निवासी शशिकांत ने बताया कि पत्नी बीना(40) तीन माह से गर्भवती थी। शनिवार को पेट में दर्द होने से अल्लापुर रोड स्थित एएनएम के यहां इलाज कराने को ले गए। एएनएम ने बताया कि पेट में बच्चा सही नहीं है। आपरेशन करना पड़ेगा। दस हजार रुपये भी जमा करवाए। इलाज के बाद घर भेज दिया।
रविवार सुबह फिर पेट में दर्द होने पर वह पत्नी को लेकर एएनएम के पास गए। इलाज के दौरान बीना की हालत बिगड़ गई। एएनएम ने एक निजी वाहन से महिला को जिला अस्पताल के लिए भेजा। रास्ते में महिला की मौत हो गई। वाहन चालक महिला का शव गांव लेकर पहुंच गया। वहां से परिजन शव लेकर एएनएम के यहां पहुंच गए। लोग नाराजगी जताने लगे।
मृतका के चार पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। एसएसआई दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इत्तफाकिया सूचना मृतक के पति ने दी है। इलाज के समय पत्नी की मौत होने की बात कही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट दर्ज कराने पर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आदित्य सचान ने बताया कि शिकायत मिलने पर एएनएम के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की जाएगी।