अमौली। चांदपुर थाने के परसेढ़ा गांव में बरात में आए किशोर की हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया गया। परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच में जुटी है। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सोमवार को मूसानगर थानाक्षेत्र के उरैय गांव से परसेढ़ा गांव से राधा कृष्ण रैदास के यहां बरात आई थी। बरात में थाना सजेती के जल्ला निवासी सुरेंद्र कुमार का बेटा आशीष (15) चाचा राजकुमार, अंकित, मनीष के साथ आया था।
रात करीब 12 बजे अगवानी के बाद जनवासे से पानी पीने की बात कहकर आशीष बाहर निकला था । दूसरे दिन मंगलवार को परिजनों ने खोजबीन की तो पता न चलने पर देर रात थाने में गुमशुदी की तहरीर दी थी। बुधवार को परसेढ़ा के उत्तर की तरफ जंगल में झाड़ी के पीछे ग्रामीणों ने शव देख पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने किशोर की शिनाख्त की।
गले में रस्सी के निशान के साथ दोनों हाथ फैक्चर होने से हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थानाध्यक्ष दीन दयाल ने बताया कि गुमशुदगी की जगह हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। शीघ्र ही खुलासा कर कार्रवाई की जाएगी।