चकलवंशी। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर माखी थानाक्षेत्र में दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार दो युवकों की मौत और दो लोग घायल हो गए। हादसे के वक्त बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। घायलों में एक को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया गया है।
सदर कोतवाली के पतारी गांव निवासी दिलशाद (21) अपने गांव में ही रहने वाले साथी वहाजुद्दीन (22) व लखनऊ के बंथरा के गांव नारायणपुर निवासी रिजवान (25) के साथ एक ही बाइक से बौनामऊ बाजार गए थे। बुधवार रात आठ बजे उन्नाव शहर लौट रहे थे। बौनामऊ बाजार से 100 मीटर दूर दूसरे बाइक सवार फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के मोतीनगर निवासी अमित द्विवेदी (35) की बाइक से भिड़ गए। रफ्तार तेज होने से चारों को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। दिलशाद व वहाजुद्दीन की हालत गंभीर देख कानपुर रेफर किया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में दिलशाद की भी मौत हो गई।