सफीपुर में हत्या की वारदात के बाद मृतका रिंकी के घर पर मौजूद पुलिस व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : UNNAO
सफीपुर (उन्नाव)। एक युवक ने गुरुवार रात सौतेले बेटे पर तब्बल (कुल्हाड़ी) से हमला कर दिया। बच्चे को बचाने पहुंची पत्नी पर भी उसने कुल्हाड़ी से कई वार कर दिए। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
कानपुर देहात के लालपुर गांव निवासी रिंकी (26) की शादी पहलीखेड़ा गांव निवासी धर्मेंद्र के साथ हुई थी। तीन साल धर्मेंद्र के साथ रहने के बाद दोनों में मनमुटाव के कारण अलगाव हो गया। किला बाजार गड़हा निवासी निशा ने 17 मई को अपने पड़ोस में रहने वाले बबलू लोध से बहन रिंकी की कोर्ट मैरिज करा दी। रिंकी अपने तीन साल के बेटे ईशू को लेकर बबलू के साथ रहने लगी। गुरुवार रात बबलू नशे में घर पहुंचा। सौतेले बेटे को लेकर रिंकी से झगड़ने लगा। बाद में बबलू खाना खाकर सोने चला गया। रात दो बजे वह उठा और कुल्हाड़ी से ईशू पर हमला कर दिया। बेटे का शोर सुन रिंकी उसे बचाने पहुंची तो उस पर भी कई वार कर दिए। इससे रिंकी की मौके पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुन पड़ोस में रहने वाली मृतका की बहन निशा पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंची। उससे पहले ही बबलू भाग निकला। ईशू की सांसें चलती देख निशा उसे लेकर सीएचसी पहुंची। वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसपी आनंद कुलकर्णी ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की हैं।