इटावा। पछायगांव थाना के गांव नया बेला में गत शनिवार देर शाम दो भाइयों में हुए झगड़े के दौरान धक्का लगने से कुएं में गिरी महिला की रविवार को सीएचसी में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द किया।
नया बेला निवासी भगवान दास ने मकान के पास खेत में चारा की फसल उगाई है। पड़ोस में रहने वाले सगे भाइयों ने भगवान दास की फसल को नष्ट करते हुए बाजरा का अवशेष डाल दिया।
इस पर भगवानदास की पत्नी संजू देवी ने एतराज किया तो दूसरे पक्ष ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ही 38 वर्षीय पत्नी संजू देवी पास में ही स्थित पुराने पक्के कुएं में गिर गई। संजू देवी के कुएं में गिरते ही भगदड़ मच गई।
पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीणों के सहयोग से उसको कुएं से बाहर निकालकर सीएचसी भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में थाना पछायगांव प्रभारी गगन गौर ने बताया कि भगवान दास के साथ भाइयों में फसल के नुकसान पहुंचाने को लेकर विवाद होने व महिला के कुएं में गिरने की जानकारी हुई थी। अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।